Dead Snake Found In Anganwadi Nutrition Pack, Probe Ordered
पोषण आहार में सांप का बच्चा मिलने से हड़कंप, जांच में जुटा प्रशासन
पांढुर्णा। जिले के कारघाट कामठी गांव में आंगनवाड़ी केंद्र से वितरित किए गए पोषण आहार को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। गर्भवती महिला को दिए गए लड्डू के पैकेट में कथित तौर पर सांप का मृत बच्चा मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। घटना के बाद प्रशासन ने तत्काल जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कारघाट कामठी निवासी गर्भवती महिला वच्छला बाई धुर्वे को आंगनवाड़ी केंद्र से पोषण आहार के तहत लड्डू का पैकेट दिया गया था। जब परिजनों ने घर पहुंचकर पैकेट खोला तो उसमें सांप की प्रजाति का एक मृत बच्चा दिखाई दिया। राहत की बात यह रही कि महिला ने लड्डुओं का सेवन नहीं किया था, जिससे कोई स्वास्थ्य संबंधी नुकसान नहीं हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने पैकेट को कब्जे में लेकर आवश्यक जांच प्रक्रिया शुरू की और मौके पर पंचनामा तैयार किया।
प्रशासन का कहना है कि संबंधित पोषण आहार का नमूना सुरक्षित रख लिया गया है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि मृत जीव पैकिंग, भंडारण, परिवहन या वितरण के किस चरण में पैकेट तक पहुंचा। जांच रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद ग्रामीणों ने पोषण आहार की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि गर्भवती महिलाओं और बच्चों को वितरित किए जाने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सख्त निगरानी व्यवस्था जरूरी है।
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि लापरवाही किस स्तर पर हुई।
