Iran’s Retaliatory Strikes Trigger Alarms Across Kuwait and Bahrain
ईरान और अमेरिका: के बीच घोषित संघर्ष विराम के बावजूद शनिवार को हुए जवाबी हमलों ने क्षेत्र में एक बार फिर तनाव बढ़ा दिया। कुवैत और बहरीन में मिसाइल और ड्रोन हमलों की आशंका के बीच हवाई हमले के सायरन बजाए गए, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कुवैत के आसमान में मिसाइलों को इंटरसेप्ट करते हुए देखा गया, जबकि बहरीन में चेतावनी सायरन लगातार गूंजते रहे।
ईरानी सेना के प्रवक्ता इब्राहिम जोल्फगारी ने हालिया घटनाक्रम के लिए अमेरिका को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कुवैत जाने वाली यात्री उड़ानों को अपना मार्ग बदलने की सलाह दी और नागरिकों से हवाई अड्डों के आसपास के इलाकों से दूर रहने का आग्रह किया।
फ्लाइट ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म FlightRadar24 के अनुसार, सुरक्षा कारणों से कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 24 उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि 15 उड़ानें देरी से संचालित हुईं। बढ़ते खतरे के बीच कई विमानों का मार्ग बदला गया और कुछ उड़ानों को अस्थायी रूप से रोक दिया गया। स्थिति ऐसी रही कि कुछ समय के लिए कुवैत का हवाई क्षेत्र लगभग खाली नजर आया।
अमेरिकी सैन्य अधिकारियों के मुताबिक, ईरान ने शुक्रवार को कुवैत और बहरीन की दिशा में सात बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। इससे कुछ घंटे पहले चार ईरानी ‘वन-वे अटैक’ ड्रोन को भी निष्क्रिय किए जाने का दावा किया गया था।
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने कहा कि उसकी रक्षा प्रणालियों ने छह मिसाइलों को सफलतापूर्वक रोक दिया, जबकि सातवीं मिसाइल अपने लक्ष्य तक पहुंचने में विफल रही। कमांड ने स्पष्ट किया कि किसी अमेरिकी सैन्यकर्मी के हताहत होने की सूचना नहीं है और बहरीन स्थित अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े के मुख्यालय को नुकसान पहुंचाने संबंधी ईरान के दावे तथ्यहीन हैं।
वहीं, ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड ने दावा किया कि उसने कुवैत में स्थित अली अल सलेम एयरबेस और बहरीन में अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े को निशाना बनाया। यह जानकारी ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA ने जारी की।
