Two Youths Drown In Gomti River While Bathing, Four Rescued In Jaunpur
जौनपुर में बड़ा हादसा: गोमती नदी में डूबे छह युवक, दो की मौत
जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में गोमती नदी में स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। शहर कोतवाली क्षेत्र के गोपीघाट पर नहाने गए छह युवक अचानक गहरे पानी में चले गए, जिससे सभी डूबने लगे। मौके पर मौजूद मल्लाहों और स्थानीय लोगों की तत्परता से चार युवकों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि दो युवकों की डूबने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, जगदीशपुर क्षेत्र से छह युवक गोपीघाट पर गोमती नदी में स्नान करने पहुंचे थे। नहाने के दौरान वे नदी के गहरे हिस्से में चले गए और पानी के तेज बहाव में फंसकर डूबने लगे। युवकों को संघर्ष करते देख घाट पर मौजूद मल्लाह तुरंत नदी में कूद पड़े और बचाव अभियान शुरू किया।
रेस्क्यू के दौरान चार युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन दो युवक नदी में लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू किया गया।
कई घंटों की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने दोनों युवकों के शव नदी से बरामद कर लिए। मृतकों में एक युवक जगदीशपुर क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है, जबकि दूसरा वाराणसी जनपद का रहने वाला था।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
प्रशासन ने लोगों से नदी और अन्य जलाशयों में स्नान के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।
