Wanted Murder And Robbery Suspect Injured, Arrested In Police Encounter In Bulandshahr
बुलंदशहर में पुलिस मुठभेड़, ई-रिक्शा चालक हत्याकांड का वांछित आरोपी गिरफ्तार
बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में स्वाट टीम और सिकंदराबाद थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ई-रिक्शा चालक हत्या और लूटकांड में वांछित एक बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, सिकंदराबाद क्षेत्र के स्नोटा रोड स्थित बॉम्बे की पटरी के पास संदिग्ध बदमाशों की सूचना मिलने पर घेराबंदी की गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई।
घायल बदमाश की पहचान मोहम्मद फैजान निवासी मोहल्ला रिसालदारान, सिकंदराबाद के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक वह ई-रिक्शा चालक की हत्या और लूट की घटना में वांछित था तथा लंबे समय से फरार चल रहा था।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया। उसके कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा लूटा गया ई-रिक्शा बरामद किया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मोहम्मद फैजान और उसके साथियों ने थाना सिकंदराबाद क्षेत्र में एक ई-रिक्शा चालक से लूटपाट करने के बाद उसकी हत्या कर दी थी। घटना के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस का मानना है कि आरोपी किसी नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में था, तभी उसकी लोकेशन मिलने पर कार्रवाई की गई। फरार दूसरे आरोपी की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
