Lucknow Police On High Alert Ahead Of Bakrid, Tight Security Measures Planned
लखनऊ: में बकरीद पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए डीसीपी पश्चिमी ने कानून-व्यवस्था को लेकर अहम समीक्षा बैठक की। बैठक में एडीसीपी, एसीपी कैसरबाग, एसीपी बाजारखाला समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों को नियमित पैदल गश्त बढ़ाने और प्रमुख स्थानों पर पिकेट ड्यूटी मजबूत करने के आदेश जारी किए गए हैं।
इसके साथ ही सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि किसी भी तरह की भ्रामक, भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
बकरीद के मद्देनजर ईदगाहों, मस्जिदों और कुर्बानी स्थलों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। वहीं यातायात व्यवस्था, सफाई और बिजली आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने पर भी विशेष फोकस रहेगा।
पुलिस प्रशासन ने धर्मगुरुओं और क्षेत्र के संभ्रांत लोगों से लगातार संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि त्योहार के दौरान आपसी भाईचारा और शांति कायम रहे।
