Midnight Raid In Shahjahanpur: 65 Drums Of Suspicious Liquid Seized, Biodiesel Link Suspected
शाहजहांपुर: के सिंधौली थाना क्षेत्र में आधी रात पुलिस की बड़ी कार्रवाई से हड़कंप मच गया। रोजा और सिंधौली पुलिस की संयुक्त टीम ने मूड़ा हारिस गांव में छापेमारी कर एक टिनशेड से 65 ड्रमों में भरा संदिग्ध तरल पदार्थ बरामद किया है। शुरुआती जांच में इस पूरे मामले का संबंध बायोडीजल नेटवर्क से होने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार पुलिस ने रविवार देर रात करीब दो बजे एक बग्गर में बने टिनशेड पर दबिश दी। मौके पर बड़ी संख्या में ड्रम रखे मिले, जिनमें संदिग्ध तरल पदार्थ भरा हुआ था। पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
सूचना मिलने पर पूर्ति निरीक्षक पवन सुधाकर भी मौके पर पहुंचे और सभी ड्रमों से नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद पदार्थ आखिर क्या है और उसका इस्तेमाल किस काम में किया जा रहा था।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, रोजा क्षेत्र में पहले एक बायोडीजल पंप सीज किए जाने के मामले की जांच के दौरान यह सूचना मिली थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। फिलहाल पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
स्थानीय ग्रामीणों का दावा है कि यह कारोबार पिछले कई महीनों से चल रहा था। उनका कहना है कि रोज सुबह तड़के पिकअप वाहन आते थे और ड्रमों की लोडिंग-अनलोडिंग की जाती थी। इस खुलासे के बाद अब सवाल उठ रहे हैं कि इतने लंबे समय तक यह गतिविधि आखिर प्रशासन और स्थानीय स्तर की नजरों से कैसे बची रही।
