Youth Dressed as ‘Cockroach’ Protests Against Yamuna Pollution at Municipal Corporation Office
मथुरा: में यमुना नदी में गिरते गंदे नालों और बढ़ते प्रदूषण के खिलाफ एक समाजसेवी युवक ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन कर लोगों और प्रशासन का ध्यान अपनी ओर खींचा। युवक कॉकरोज की वेशभूषा पहनकर नगर निगम कार्यालय पहुंचा, जिसे देखकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए।
कुछ ही देर में नगर निगम परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई और कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। कॉकरोज की ड्रेस पहने युवक नाचते-गाते हुए परिसर में पहुंचा और यमुना नदी में गिर रहे गंदे पानी के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई।
युवक का कहना था कि जिस तरह गंदगी में कॉकरोज पनपते हैं, उसी तरह शहर और यमुना नदी की हालत लगातार बदतर होती जा रही है। उसने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते सफाई व्यवस्था और प्रदूषण रोकने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले समय में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
समाजसेवी युवक के इस अनोखे प्रदर्शन ने नगर निगम अधिकारियों के साथ-साथ आम लोगों का भी ध्यान आकर्षित किया। मौके पर मौजूद लोगों ने भी यमुना प्रदूषण को गंभीर समस्या बताते हुए प्रशासन से जल्द प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
नगर निगम परिसर में हुआ यह “कॉकरोज प्रदर्शन” अब पूरे शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
