VD Satheesan to Take Oath as Kerala CM Tomorrow
तिरुवनंतपुरम: केरल में कांग्रेस नेता वी डी सतीशन सोमवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। करीब एक दशक बाद यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) की सत्ता में वापसी के बाद राज्य में नई सरकार का गठन होने जा रहा है। सतीशन के साथ 20 मंत्री भी शपथ लेंगे।
शपथ ग्रहण समारोह तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा, जहां तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। समारोह के लिए बड़ा मंच तैयार किया गया है और हजारों कार्यकर्ताओं व मेहमानों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। बारिश को देखते हुए विशेष इंतजाम भी किए गए हैं।
समारोह में कांग्रेस के कई बड़े नेता शामिल हो सकते हैं। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के मौजूद रहने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और कई राष्ट्रीय नेताओं को भी निमंत्रण भेजा गया है।
हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नेतृत्व वाले UDF गठबंधन ने बड़ी जीत दर्ज करते हुए वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) को सत्ता से बाहर कर दिया था। पिछले पांच साल से विपक्ष के नेता रहे 61 वर्षीय वी डी सतीशन को कांग्रेस संगठन को मजबूत करने का श्रेय दिया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक सतीशन ने नई कैबिनेट को अंतिम रूप देने के लिए सहयोगी दलों के साथ कई दौर की बैठकें की हैं। सभी 140 विधायकों को शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित किया गया है।
इस बीच तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसफ विजय के कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर भी चर्चा तेज है। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार उन्हें भी निमंत्रण भेजा गया है और उनकी मौजूदगी पर अंतिम फैसला जल्द सामने आ सकता है।
