Excise Department Raids Restaurant in Gwalior
ग्वालियर: मध्यप्रदेश के ग्वालियर में अवैध रूप से शराब बेचने और परोसने वालों के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत डीडी मॉल स्थित एक रेस्टोरेंट में छापा मारकर भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त की गई। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरा मौके से फरार हो गया।
आबकारी विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शहर के कुछ होटल और रेस्टोरेंट में अवैध रूप से शराब परोसी जा रही है। इसके बाद टीम ने साइंस कॉलेज, मॉडर्न हाई स्कूल, शिवपुरी लिंक रोड और डीडी मॉल क्षेत्र में दबिश दी।
छापेमारी के दौरान डीडी मॉल स्थित DND रेस्टोरेंट की तलाशी ली गई, जहां से बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई। जब्त शराब में ब्लेंडर्स प्राइड, सिग्नेचर, रेड लेबल व्हिस्की के अलावा किंगफिशर स्ट्रॉन्ग, किंगफिशर अल्ट्रा मैक्स और बडवाइजर बीयर जैसे कई ब्रांड शामिल हैं।
आबकारी विभाग के अनुसार करीब 70 बल्क लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की गई है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं स्कूल और कॉलेजों के आसपास शराब परोसने वाले होटल और ढाबों पर भी धारा 36(A) के तहत कार्रवाई की गई।
ग्वालियर कंट्रोल रूम प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी राजेश तिवारी ने कहा कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और स्कूल-कॉलेजों के आसपास किसी भी तरह की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
