Congress Protests Over Water Crisis in Burhanpur
बुरहानपुर: मध्यप्रदेश के बुरहानपुर शहर में गहराते पेयजल संकट को लेकर कांग्रेस ने नगर निगम के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस शहर अध्यक्ष रिंकू टांक के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक नगर निगम कार्यालय पहुंचे, जहां मटका फोड़कर विरोध जताया गया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नगर निगम की लापरवाही के कारण शहर के कई वार्डों में लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं। उनका कहना है कि जल वितरण व्यवस्था पूरी तरह असंतुलित हो चुकी है और कई इलाकों में दिनों तक पानी नहीं पहुंच रहा।
कांग्रेस शहर अध्यक्ष रिंकू टांक ने कहा कि करोड़ों रुपए खर्च कर शुरू की गई JMC जल वितरण योजना जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर रही। उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ कुछ क्षेत्रों में जरूरत से ज्यादा पानी दिया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ कई मोहल्लों में लोग पानी के लिए भटक रहे हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे दूर-दूर से पानी लाने को मजबूर हैं, जबकि प्रशासन केवल दावे कर रहा है। कांग्रेस नेताओं ने जल वितरण में भेदभाव और प्रशासनिक विफलता का आरोप लगाते हुए तत्काल सुधार की मांग की।
जिला मीडिया प्रभारी तफज्जुल हुसैन मुलायम वाला ने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज बनकर सड़कों पर उतरी है और अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने खाली मटके फोड़कर अपना आक्रोश जताया। कांग्रेस ने मांग की कि सभी वार्डों में नियमित और समान जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा जिन इलाकों में पानी नहीं पहुंच रहा वहां तुरंत टैंकर भेजे जाएं।
रिंकू टांक ने चेतावनी दी कि यदि अगले 8 दिनों में हालात नहीं सुधरे तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर “बुरहानपुर बंद” का आह्वान करेगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
