US Kills Top ISIS Commander Abu-Bilal in Nigeria Operation
वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका और नाइजीरियाई सेना ने मिलकर एक बड़े ऑपरेशन में ISIS के शीर्ष कमांडर अबू-बिलाल अल-मिनुकी को मार गिराया है। ट्रंप के मुताबिक अबू-बिलाल वैश्विक स्तर पर ISIS का दूसरे नंबर का कमांडर माना जाता था और अफ्रीका में आतंकी गतिविधियों को संचालित कर रहा था।
डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा कि यह मिशन बेहद गुप्त और कठिन था, जिसे अमेरिकी और नाइजीरियाई सैनिकों ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि अबू-बिलाल को लगता था कि वह अफ्रीका में छिपकर बच जाएगा, लेकिन अमेरिकी एजेंसियां उसकी हर गतिविधि पर नजर रखे हुए थीं।
ट्रंप ने कहा कि अबू-बिलाल अब अफ्रीका के लोगों को नहीं डरा पाएगा और न ही अमेरिकियों के खिलाफ आतंकी हमलों की साजिश रच सकेगा। उन्होंने इस ऑपरेशन में सहयोग के लिए नाइजीरिया सरकार का धन्यवाद भी किया।
कौन था अबू-बिलाल अल-मिनुकी?
अबू-बिलाल अल-मिनुकी ISIS का वरिष्ठ आतंकी कमांडर था, जिसे अबू बक्र इब्न मुहम्मद इब्न अली अल-मैनुकी के नाम से भी जाना जाता था। वह मुख्य रूप से अफ्रीका के साहेल क्षेत्र में सक्रिय था और ‘इस्लामिक स्टेट वेस्ट अफ्रीका प्रोविंस’ (ISWAP) का बड़ा चेहरा माना जाता था।
रिपोर्ट्स के मुताबिक वह ISIS के अंतरराष्ट्रीय ऑपरेशन्स में अहम भूमिका निभाता था और अफ्रीका में इस्लामिक शासन फैलाने की कोशिश कर रहा था। जून 2023 में अमेरिकी विदेश विभाग ने उसे “विशेष रूप से नामित वैश्विक आतंकवादी” घोषित किया था।
साहेल क्षेत्र अफ्रीका का बड़ा इलाका है, जो सेनेगल से लेकर सूडान तक फैला हुआ है। इस क्षेत्र में लंबे समय से आतंकवादी संगठन सक्रिय रहे हैं और ISIS यहां अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रहा था।
