NEET UG 2026 Cancelled, CBI Begins Probe Into Paper Leak Case
राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने भारत सरकार की मंजूरी के बाद 3 मई 2026 को आयोजित NEET (UG) 2026 परीक्षा को रद्द करने का बड़ा फैसला लिया है। पेपर लीक और परीक्षा में कथित अनियमितताओं के आरोपों के बीच अब इस मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी गई है। सरकार ने कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सभी पहलुओं की गहराई से पड़ताल की जाएगी।
NTA ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी, जिसकी नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी। दोबारा परीक्षा देने के लिए छात्रों को किसी नए रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं होगी और न ही अतिरिक्त शुल्क लिया जाएगा। पहले जमा की गई परीक्षा फीस छात्रों को वापस की जाएगी।
एजेंसी ने बताया कि री-एग्जाम इस बार NTA अपने आंतरिक संसाधनों और कड़े सुरक्षा इंतजामों के साथ आयोजित करेगी। परीक्षा से जुड़ी आगे की सभी जानकारी आधिकारिक माध्यमों से जारी की जाएगी।
छात्रों की सहायता के लिए NTA ने हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 और 011-69227700 जारी किए हैं। इसके अलावा छात्र neet-ug@nta.ac.in पर ई-मेल के जरिए भी संपर्क कर सकते हैं।
गौरतलब है कि 3 मई को देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित NEET UG 2026 परीक्षा में करीब 22.79 लाख छात्रों ने हिस्सा लिया था। परीक्षा के बाद राजस्थान और उत्तराखंड से पेपर लीक की शिकायतें सामने आई थीं। इसके बाद राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान SOG को 400 से अधिक संदिग्ध प्रश्नों का एक सेट मिला था। अधिकारियों के अनुसार, इनमें से 100 से ज्यादा प्रश्न जीव विज्ञान और रसायन विज्ञान के थे, जो वास्तविक परीक्षा के प्रश्नों से काफी मेल खाते थे। हालांकि शुरुआती तौर पर इसे “अनुमानित प्रश्नपत्र” या टेस्ट सीरीज बताया गया, लेकिन जांच एजेंसियों ने बड़े स्तर की सांठगांठ की आशंका से इनकार नहीं किया है।
महाराष्ट्र के लातूर स्थित एक कोचिंग संस्थान से जुड़े कथित वीडियो और प्रश्नपत्रों की फोटोकॉपी भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं। वहीं, NTA ने कहा कि परीक्षा “पूर्ण सुरक्षा प्रोटोकॉल” के तहत आयोजित कराई गई थी, लेकिन 7 मई की रात कुछ संदिग्ध सूचनाएं मिलने के बाद उन्हें केंद्रीय एजेंसियों के साथ साझा किया गया।
NTA ने यह भी कहा कि वह जांच एजेंसियों को परीक्षा से जुड़े सभी रिकॉर्ड, तकनीकी जानकारी और जरूरी दस्तावेज उपलब्ध करा रही है, ताकि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जा सके।
