Car Crashes into Parked Truck on Highway
नेशनल हाईवे 48 पर भीषण सड़क हादसा
कर्नाटक के तुमकुर जिले में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नेलाहल के पास नेशनल हाईवे 48 पर एक कार खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई।
कार में सवार थे छह लोग
हादसे के समय एर्टिगा कार में कुल छह लोग सवार थे, जो घूमने के बाद बेंगलुरु लौट रहे थे। पुलिस के अनुसार, हाईवे पर खड़े एक ट्रक से कार की सीधी टक्कर हो गई, जिससे कार सवार तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
तीन यात्री घायल, एक की हालत गंभीर
दुर्घटना में कार में सवार तीन अन्य लोग घायल हो गए। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि दो को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को तुरंत तुमकुरु जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गोकर्णा और उडुपी घूमकर लौट रहे थे
बताया गया है कि सभी यात्री बेंगलुरु के रहने वाले थे और गोकर्णा, मुरुडेश्वर व उडुपी की यात्रा के बाद सुबह एर्टिगा कार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान नेलाहल के पास यह हादसा हो गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला हालात
हादसे की सूचना मिलते ही तुमकुर के एसपी के. वी. अशोक पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए तुमकुरु जिला अस्पताल भेज दिया है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
