Two Property Dealers Shot Dead During Panchayat in Rohtas, Bihar
रोहतास जिले में रविवार शाम जमीन विवाद के दौरान हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई। यह घटना सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव की है, जहां पंचायत के बीच अचानक हालात बिगड़ गए और दोनों को गोलियों से भून दिया गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
मृतकों की पहचान तिलौथू थाना क्षेत्र के उचैला गांव निवासी 45 वर्षीय रुपेश सिंह और तिलौथू निवासी विनय प्रजापति के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों प्रॉपर्टी डीलर थे और जमीन विवाद को सुलझाने के लिए पंचायत में शामिल होने पहुंचे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पंचायत के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इसी दौरान एक पक्ष ने फायरिंग शुरू कर दी। रुपेश सिंह के शरीर पर पांच और विनय प्रजापति के शरीर पर सात गोलियों के निशान मिले हैं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
मृतकों के परिजनों ने बताया कि डुमरिया गांव निवासी पप्पू सिंह ने जमीन के एक मामले को लेकर फोन कर दोनों को गांव बुलाया था। परिजनों का कहना है कि इससे पहले किसी तरह का खुला विवाद नहीं था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए रोहतास एसपी रौशन कुमार मौके पर पहुंचे। उनके साथ सासाराम मुफस्सिल थाना सहित आसपास के कई थानों की पुलिस मौजूद है। गांव में एहतियातन भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया है।
एसपी रौशन कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पप्पू सिंह का नाम सामने आया है, जिसका आपराधिक इतिहास रहा है। दोनों मृतकों के शव उसी वाहन से बरामद किए गए, जिससे वे गांव पहुंचे थे। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
