Panic at Rajghat, Public Outrage Grows
राजघाट पर हड़कंप, लोगों में आक्रोश / Panic at Rajghat, Public Outrage Grows
बुरहानपुर जिले से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां ताप्ती नदी के राजघाट पर हजारों मछलियों की अचानक मौत से हड़कंप मच गया।
गुरुवार को रोज की तरह मछलियों को दाना डालने पहुंचे लोगों ने जब नदी का मंजर देखा तो उनके होश उड़ गए। बहते पानी में छोटी-बड़ी मछलियां मृत अवस्था में तैरती नजर आईं, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि ताप्ती नदी का पानी गंभीर रूप से दूषित हो चुका है। शहर के गंदे नालों का पानी सीधे नदी में छोड़ा जा रहा है, जिससे जल प्रदूषण खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है। इसका असर अब जलीय जीवों पर साफ दिखाई दे रहा है।
राजघाट पर नियमित रूप से मछलियों को दाना डालने वाले गोविंदा सिंगोतिया ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि नगर निगम की लापरवाही के कारण यह स्थिति बनी है और समय रहते सफाई होती तो हालात ऐसे नहीं होते।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। उन्होंने नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए ताप्ती नदी की तत्काल सफाई और प्रदूषण पर रोक लगाने की मांग की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम प्रशासन हरकत में आ गया है। निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव ने टीम को मौके पर भेजकर पानी के सैंपल जांच के लिए एकत्रित कराए हैं।
प्रशासन का कहना है कि मछलियों की मौत के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है और जल्द ही रिपोर्ट सामने लाई जाएगी। साथ ही नदी के शुद्धिकरण के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात भी कही गई है।
यह घटना न केवल एक गंभीर पर्यावरणीय संकट की ओर इशारा करती है, बल्कि भविष्य के लिए चेतावनी भी है कि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो हालात और भयावह हो सकते हैं।
