Clay Mine Collapse in Singrauli: Three Dead Including Two Girls, Two Women Seriously Injured
मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। जियावन थाना क्षेत्र के कुदवार चौकी इलाके में मिट्टी की खदान धसने से दो बच्चियों समेत तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
जानकारी के अनुसार, गांव की पांच महिलाएं सफेद मिट्टी (छुही) निकालने के लिए खदान में गई थीं। खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी धस गई, जिससे सभी महिलाएं मलबे में दब गईं। हादसे की जानकारी मिलते ही गांव के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी महिलाओं को खदान से बाहर निकाला। हालांकि, इनमें से तीन महिलाओं की जान नहीं बचाई जा सकी, जबकि दो घायल महिलाओं को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह हादसा परसोहर और हर्हा गांव की रहने वाली महिलाओं के साथ हुआ। प्रशासन को आशंका है कि खदान में कुछ और लोग भी दबे हो सकते हैं, जिसके चलते रेस्क्यू अभियान जारी है।
देवसर एसडीओपी गायत्री शर्मा ने बताया कि हादसे में प्रीति सिंह (10 वर्ष), बसंती (16 वर्ष) और फूलमती यादव (50 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कौसल्या सिंह (50 वर्ष) और सकमुनि सिंह (45 वर्ष) घायल हुई हैं, जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवसर में भर्ती कराया गया है।
