Driver Suicide Case: TI Neeraj Birathare Line Attached After Action
इंदौर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में ड्राइवर आत्महत्या मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। डीसीपी ने थाना प्रभारी नीरज बिरथरे को लाइन अटैच कर दिया है।
दरअसल, 6 और 7 अप्रैल की दरम्यानी रात कपिल और अभिषेक की कार के बीच टक्कर हो गई थी। इसके बाद राजेंद्र नगर थाने के सब इंस्पेक्टर मनोहर पाल ने अभिषेक को हिरासत में ले लिया और कार भी जब्त कर ली थी।
आरोप है कि सब इंस्पेक्टर मनोहर पाल ने इस मामले में अभिषेक से 50 हजार रुपये की मांग की थी। इसके बाद 8 अप्रैल की रात अभिषेक ने अपने पलाश परिसर स्थित घर में आत्महत्या कर ली।
मौत से पहले अभिषेक ने एक वीडियो भी बनाया, जिसमें उसने सब इंस्पेक्टर मनोहर पाल और थाना प्रभारी नीरज बिरथरे पर गंभीर आरोप लगाए। वीडियो में मारपीट, 50 हजार रुपये की मांग और पूरे मामले की जानकारी होने के बावजूद सहयोग न करने जैसे आरोप शामिल हैं।
घटना सामने आने के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए सब इंस्पेक्टर मनोहर पाल को पहले ही सस्पेंड कर दिया गया था। अब मामले में थाना प्रभारी नीरज बिरथरे को भी जिम्मेदार मानते हुए लाइन अटैच कर दिया गया है।
पुलिस विभाग मामले की जांच कर रहा है और आगे भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
