Protest Against Liquor Shop in Malwa Mill, Residents Oppose; Contractor Says It’s Legal
इंदौर: मालवा मिल क्षेत्र में मंगलवार को प्रस्तावित शराब दुकान को लेकर विवाद खड़ा हो गया। बड़ी संख्या में स्थानीय रहवासी सड़क पर उतर आए और दुकान खोलने के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
रहवासियों का कहना है कि रिहायशी क्षेत्र में शराब दुकान खुलने से वातावरण खराब होगा और इसका नकारात्मक असर बच्चों और परिवारों पर पड़ेगा। लोगों के अनुसार यह दुकान किसी अन्य इलाके से यहां शिफ्ट की जा रही है, जिसे वे किसी भी कीमत पर अपने क्षेत्र में खुलने नहीं देंगे।
वहीं शराब ठेकेदार हेमेंद्र चौहान ने अपने पक्ष में कहा कि उन्होंने सरकार से करीब 24.20 करोड़ रुपये में वैध ठेका लिया है और वे कोई अवैध काम नहीं कर रहे हैं। उनका कहना है कि दुकान को नियमों के अनुसार ही संचालित किया जाएगा और इसे सड़क किनारे ही स्थापित करना जरूरी है।
ठेकेदार ने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व उन्हें परेशान कर रहे हैं, जिससे उन्हें रोजाना लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कोई नई दुकान नहीं, बल्कि केवल स्थान परिवर्तन (शिफ्टिंग) है। दुकान का समय सुबह 9 बजे से रात 11 बजे तक रहेगा।
सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। फिलहाल क्षेत्र में तनाव बना हुआ है और रहवासी अपने विरोध पर अड़े हुए हैं।
