Major Crackdown on Coal Theft in Surajpur, 33 Ton Coal and 20 Vehicles Seized
सूरजपुर: जिले में अवैध कोयला चोरी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में कोयला और कई वाहन जब्त किए हैं।
पुलिस टीम ने बुधवार सुबह गायत्री खदान में अचानक छापेमारी की। पुलिस को मौके पर देखते ही कोयला चोरी में शामिल लोग अंधेरे का फायदा उठाकर अपनी मोटरसाइकिल और साइकिल छोड़कर फरार हो गए।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 450 बोरी, यानी लगभग 33 टन कोयला बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही 13 मोटरसाइकिल और 7 साइकिल भी जब्त की गई हैं।
जब्त किए गए कोयले को खदान प्रबंधन को सौंप दिया गया है, जबकि लावारिस हालत में मिले वाहनों के मालिकों की पहचान की जा रही है। मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
एसएसपी Prashant Thakur ने कहा कि अवैध कोयला कारोबार और उससे जुड़े नेटवर्क को खत्म करने के लिए आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही खदान प्रबंधन को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अवैध रास्तों को बंद करने के निर्देश दिए गए हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।
