Pakistan Conducts Major Airstrike in Kandahar, Taliban Supreme Leader Haibatullah Akhundzada Targeted
इस्लामाबाद/काबुल: पाकिस्तान की वायु सेना ने अफगानिस्तान के कंधार में बड़ा एयरस्ट्राइक किया है। रिपोर्ट्स के अनुसार इस हमले का लक्ष्य अफगान तालिबान के सर्वोच्च नेता हैबतुल्ला अखुंदजादा को निशाना बनाना था। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान ने तालिबान नेतृत्व के प्रमुख गढ़ कंधार में सटीक हमले किए।
जानकारी के मुताबिक पाकिस्तानी वायु सेना ने कंधार स्थित कैंप गेको के एक अत्यधिक सुरक्षित परिसर को निशाना बनाया। सुरक्षा सूत्रों के हवाले से बताया गया कि यह वही स्थान था, जहां पिछले कुछ सप्ताह से अखुंदजादा के अस्थायी रूप से रहने की जानकारी मिली थी।
रिपोर्ट्स के अनुसार शुक्रवार सुबह किए गए इस हमले में करीब 22 लोगों की मौत हुई है, जबकि 50 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमले के समय अखुंदजादा वहां मौजूद थे या नहीं।
कंधार को तालिबान का सबसे मजबूत गढ़ माना जाता है। अफगानिस्तान की सत्ता भले ही काबुल से संचालित होती हो, लेकिन तालिबान नेतृत्व का केंद्र लंबे समय से कंधार ही रहा है। तालिबान के संस्थापक मुल्ला उमर की तरह ही वर्तमान सुप्रीम लीडर अखुंदजादा ने भी कंधार को अपना प्रमुख ठिकाना बनाया है।
सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि अखुंदजादा को निशाना बनाना बेहद कठिन है, क्योंकि उनका ठिकाना जमीन के नीचे बने गहरे बंकरों में बताया जाता है। इन बंकरों को विशेष रूप से हवाई हमलों से बचाव के लिए तैयार किया गया है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि ऊपर की इमारतों को नुकसान हुआ हो, लेकिन भूमिगत हिस्से सुरक्षित रह सकते हैं।
बताया जा रहा है कि पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के खिलाफ “ऑपरेशन गजाब लिल हक” शुरू किया है। पाकिस्तान का कहना है कि यह कार्रवाई सीमा पार से होने वाली घुसपैठ और आतंकी हमलों के जवाब में की गई है।
वहीं काबुल की तालिबान सरकार ने इन हमलों की कड़ी निंदा करते हुए इसे अफगानिस्तान की संप्रभुता का उल्लंघन बताया है। तालिबान ने चेतावनी दी है कि इस हमले का जवाब दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की आशंका है।
