IRGC Threatens to Kill Benjamin Netanyahu, Says ‘We Will Not Spare the Killer of Iranian Children’
तेहरान: ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को लेकर कड़ा बयान दिया है। IRGC ने कहा है कि ईरान अपने बच्चों के कथित हत्यारे को कभी माफ नहीं करेगा और नेतन्याहू को छोड़ने का सवाल ही नहीं उठता।
IRGC की आधिकारिक वेबसाइट ‘सेपाह न्यूज’ पर जारी बयान में कहा गया है कि इजरायल और अमेरिका ने बिना किसी कारण के ईरान पर हमला कर युद्ध की शुरुआत की है। संगठन ने कहा कि ईरान इस संघर्ष का मजबूती से सामना कर रहा है और जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।
बयान में नेतन्याहू को सीधी चेतावनी देते हुए कहा गया कि अगर वह जिंदा रहा तो ईरान पूरी ताकत से उसका पीछा करेगा और उसे मार गिराने की कोशिश करेगा। IRGC के इस बयान के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले इजरायल की ओर से भी ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई को निशाना बनाने की धमकी दी गई थी। दोनों देशों के बीच बयानबाजी और सैन्य कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है।
IRGC ईरान की सबसे ताकतवर सैन्य संस्थाओं में से एक मानी जाती है। इसकी अपनी सेना, नौसेना, वायु सेना और खुफिया शाखा है। इस संगठन की स्थापना 1979 की इस्लामी क्रांति के बाद की गई थी और ईरान की सुरक्षा तथा सैन्य रणनीति में इसकी अहम भूमिका है।
बताया जा रहा है कि अमेरिका और इजरायल के गठबंधन ने 28 फरवरी को ईरान पर हमला किया था, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच सैन्य संघर्ष शुरू हो गया। इन हमलों में ईरान के कई सैन्य और राजनीतिक नेताओं के मारे जाने की भी खबरें सामने आई हैं।
दूसरी ओर ईरान भी लगातार जवाबी कार्रवाई कर रहा है। ईरान ने इजरायल और खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन से हमले किए हैं। साथ ही ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद कर दिया है, जिससे वैश्विक समुद्री व्यापार पर भी असर पड़ा है।
