Man Beaten Snake to Death in Badaun, FIR Registered Under Wildlife Act
बदायूं: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में एक युवक द्वारा सांप को लाठियों से पीटकर मारने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग ने आरोपी युवक के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल वन विभाग और पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
यह घटना सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मीरा सराय गांव की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार बुधवार को गांव में झाड़ियों से एक सांप निकलकर बाहर आ गया। सांप को देखकर वहां खेल रहे बच्चे डरकर शोर मचाने लगे।
शोर सुनकर गांव का रहने वाला आमिर डंडा लेकर मौके पर पहुंचा और सांप को पीटना शुरू कर दिया। उसने बार-बार लाठियों से वार कर सांप के सिर को कुचल दिया और तब तक हमला करता रहा जब तक सांप की मौत नहीं हो गई।
घटना के बाद आरोपी ने मृत सांप को उठाकर वहां खड़े बच्चों की ओर फेंक दिया, जिससे बच्चे घबराकर भाग गए। बाद में सांप को जला दिया गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मारा गया सांप चेकर्ड कीलबैक प्रजाति का था, जिसे एशियाई जल सर्प भी कहा जाता है। यह एक विषहीन सांप माना जाता है और एशिया के कई हिस्सों में पाया जाता है।
वन रेंजर विकास वरुण ने बताया कि सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन तब तक सांप को जला दिया गया था। उन्होंने कहा कि आरोपी युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
