Foreigners Flee UAE Amid Fear of Iranian Attacks, Criticized for Abandoning Pets
दुबई: ईरान की ओर से मिसाइल और ड्रोन हमलों के खतरे के कारण पश्चिम एशिया में नया मानवीय संकट पैदा होता दिखाई दे रहा है। डर के माहौल में हजारों विदेशी नागरिक दुबई छोड़कर जा रहे हैं, लेकिन इस जल्दबाजी में कई लोग अपने पालतू कुत्ते-बिल्लियों को लावारिस छोड़ रहे हैं।
जानवरों को बचाने वाले संगठनों को शहर के अलग-अलग हिस्सों में ऐसे सैकड़ों पालतू पशु मिले हैं। कुछ जानवरों को सड़क किनारे लैंप पोस्ट से बांधकर छोड़ दिया गया है, जबकि कई को खाली अपार्टमेंट में बंद पाया गया। कई पालतू जानवरों को पहले से भरे हुए शेल्टर होम के बाहर छोड़ दिया गया है।
रेस्क्यू संगठनों का कहना है कि एक-एक वॉलंटियर को एक दिन में दर्जनों संदेश मिल रहे हैं, जिनमें लोग अपने पालतू जानवरों को कहीं सुरक्षित रखने की गुहार लगा रहे हैं। दुबई में काम कर रहे पशु संरक्षण समूहों ने इस स्थिति को बेहद दुखद बताया है। उनका कहना है कि पहले से भरे शेल्टर में अब नए जानवरों को रखना मुश्किल होता जा रहा है।
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर कई विदेशी नागरिकों की कड़ी आलोचना भी हो रही है, क्योंकि वे अपनी जान बचाने के लिए शहर छोड़ते समय अपने पालतू जानवरों को बेसहारा छोड़ रहे हैं।
इस बीच मंगलवार को संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने ईरान की ओर से दागी गई कई बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन को हवा में ही नष्ट कर दिया।
मंत्रालय के अनुसार सोमवार को हुए हमले में कुल 15 बैलिस्टिक मिसाइलों का पता चला था। इनमें से 12 मिसाइलों को हवा में ही मार गिराया गया, जबकि तीन मिसाइलें समुद्र में गिर गईं और कोई नुकसान नहीं हुआ। इसके अलावा 18 ड्रोन भी देखे गए, जिनमें से 17 को वायु रक्षा प्रणाली ने नष्ट कर दिया, जबकि एक ड्रोन यूएई के क्षेत्र में गिरा। अब तक किसी बड़े नुकसान या जनहानि की खबर नहीं है।
यूएई सरकार का कहना है कि देश की वायु रक्षा प्रणाली पूरी तरह सतर्क है और संभावित खतरों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
रक्षा मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, संघर्ष शुरू होने के बाद से अब तक यूएई की ओर 253 बैलिस्टिक मिसाइलें और करीब 1,440 ड्रोन दागे जा चुके हैं, जिनमें से अधिकांश को हवा में ही नष्ट कर दिया गया।
सरकारी बयान के अनुसार इन हमलों में चार लोगों की मौत हुई है, जिनमें पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश के नागरिक शामिल हैं। वहीं 117 लोग घायल हुए हैं। घायलों में यूएई, मिस्र, सूडान, इथियोपिया, फिलीपींस, पाकिस्तान, ईरान, भारत, बांग्लादेश, श्रीलंका, अजरबैजान, यमन, युगांडा, इरिट्रिया, लेबनान, अफगानिस्तान, बहरीन, कोमोरोस, तुर्की, इराक, नेपाल, नाइजीरिया, ओमान, जॉर्डन और फिलिस्तीन के नागरिक शामिल बताए गए हैं।
इसी बीच इजरायल ने भी ईरान पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले शुरू कर दिए हैं। इजरायली सेना के मुताबिक राजधानी तेहरान, मध्य ईरान के इस्फहान और दक्षिणी क्षेत्रों में ईरानी शासन से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाया गया है। सेना का कहना है कि उसने ईरान में कई शहरों में एक साथ व्यापक हवाई हमलों की नई लहर शुरू की है।
