US Claims at UN That Iran Tried to Assassinate Trump
न्यूयॉर्क/वॉशिंगटन: ईरान में जारी संघर्ष के बीच संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका ने बड़ा आरोप लगाया है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की बैठक में अमेरिकी प्रतिनिधि माइक वाल्ट्ज ने दावा किया कि ईरानी सरकार ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की कोशिश की थी।
वाल्ट्ज ने कहा कि ईरान पिछले कई दशकों से अमेरिका और इजरायल के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाए हुए है। उनके अनुसार, ईरानी नेतृत्व लगातार ‘अमेरिका को मौत’ जैसे नारे लगाता रहा है और इजरायल को खत्म करने की कोशिश करता रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान ने न केवल अमेरिका और इजरायल पर हमले किए, बल्कि संयुक्त राष्ट्र चार्टर का भी उल्लंघन किया है और मिडिल ईस्ट में अस्थिरता पैदा की है।
ट्रंप को निशाना बनाने का आरोप
अमेरिकी प्रतिनिधि ने कहा कि ईरान ने सीधे और प्रॉक्सी माध्यमों से ट्रंप को निशाना बनाने की साजिश रची। उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान अपनी कार्रवाइयों को छिपाने के लिए खुद को पीड़ित के रूप में पेश करता है। वाल्ट्ज के मुताबिक, ईरान की गतिविधियां अमेरिकी सैनिकों, सैन्य ठिकानों और उसके सहयोगी देशों के लिए गंभीर खतरा हैं।
संयुक्त ऑपरेशन पर अमेरिका का पक्ष
अमेरिका ने सुरक्षा परिषद में यह भी कहा कि ईरान में किए गए अमेरिकी-इजरायली सैन्य ऑपरेशन संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अनुच्छेद 51 के तहत आत्मरक्षा के अधिकार के अंतर्गत उठाए गए कदम हैं। अमेरिका का कहना है कि क्षेत्र में बढ़ते खतरों के जवाब में यह कार्रवाई की गई।
इस बीच, ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं। अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान के सैन्य ठिकानों पर किए गए हमलों के बाद क्षेत्र में संघर्ष का दायरा बढ़ता दिख रहा है।
