Canada PM Mark Carney to Visit India from Feb 27; Will Arrive in Delhi on March 1
बिहार (नालंदा)। जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लहेरी थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना क्षेत्र के टॉप-10 अपराधियों में शामिल आदित्य राज उर्फ ‘गुरु माफिया’ को गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार रात करीब 1 बजे देवी सराय मोड़ के पास सटीक सूचना मिली कि वांछित अपराधी क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही लहेरी थाना की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और आरोपी को मौके से धर दबोचा। गिरफ्तारी के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।
बताया जा रहा है कि वर्ष 2024 से आरोपी फरार चल रहा था और पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी। जिले की टॉप-10 अपराधी सूची में शामिल होने के कारण पुलिस की निगरानी सूची में उसका नाम प्रमुखता से दर्ज था।
कई संगीन मामलों में है नामजद पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आदित्य राज उर्फ गुरु माफिया पर कुल मिलाकर कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें:
2 मामले आर्म्स एक्ट के
1 हत्या का मामला
2 अपहरण के मामले
1 हत्या का प्रयास (हाफ मर्डर)
1 साइबर क्राइम से जुड़ा मामला
इन मामलों के चलते वह जिले में सक्रिय अपराधियों की सूची में शामिल था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अपराधी आदित्य राज उर्फ गुरु माफिया, पिता- राजेन्द्र प्रसाद, मूल निवासी बलवाचक, थाना- सिलाव, जिला- नालंदा का रहने वाला है। वर्तमान में वह स्पेक्ट्रम के पीछे, थाना- लहेरी, जिला- नालंदा में रह रहा था।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और फरार आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत थाना को दें। प्रशासन का संदेश साफ है — अपराध चाहे जितना बड़ा क्यों न हो, कानून के हाथ लंबे होते हैं।
