Son Attacks Parents in Domestic Dispute, Shocking Family Assault Case
गाजियाबाद। मोदीनगर कोतवाली क्षेत्र की हरमुखपुरी कॉलोनी में घरेलू विवाद में बेटे ने खून के रिश्तों को तार तार कर दिया। आरोप है कि बेटे ने अपने माता-पिता पर चापड़ से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपित ने कमरे में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी और मौके से फरार हो गया।
घायल दंपती की पहचान सुशीला और रमाशंकर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपित बेटे ने हत्या के इरादे से दोनों के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वे लहूलुहान होकर गिर पड़े। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग पर काबू पाया। इसके बाद दोनों को तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए दोनों को मेरठ रेफर कर दिया है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों के सिर में गहरे घाव हैं और उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि घर में काफी समय से पारिवारिक कलह चल रही थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के चलते बेटे ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद से आरोपित फरार है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपित की तलाश में दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
