Financiers in Ghaziabad's Indirapuram were accused of extortion; threatening audio goes viral
गाजियाबाद। के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में फाइनेंसरों द्वारा कथित रूप से रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक ऑडियो वायरल हो रही है, जिसमें रजिस्ट्री न होने देने की धमकी दिए जाने का दावा किया जा रहा है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मामला इंदिरापुरम थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। आरोप है कि एक युवक ने किसी प्रॉपर्टी डील के तहत दूसरी पार्टी से टोकन मनी दिलवाई थी। इसके बाद उसे कथित रूप से फाइनेंसरों की ओर से एक धमकी भरा फोन कॉल आया।
वायरल ऑडियो में दावा किया जा रहा है कि कॉल करने वाले ने पैसे सीधे उन्हें देने की बात कही और चेतावनी दी कि अगर रकम नहीं दी गई तो रजिस्ट्री नहीं होने दी जाएगी। इस कथित धमकी के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की और सुरक्षा की मांग की।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल ऑडियो और शिकायत को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। कॉल की सत्यता, संबंधित लोगों की भूमिका और पूरे लेन-देन की पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और संबंधित पक्षों से पूछताछ की जा रही है
