औरैया। जनपद औरैया में 80वें स्वतंत्रता दिवस का पर्व पूरे उत्साह, हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। जिले के सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, मदरसों और निजी संस्थानों में ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान गाया गया तथा आजादी के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न शिक्षण संस्थानों में आयोजित कार्यक्रमों में शिक्षकों, समाजसेवियों और गणमान्य नागरिकों ने छात्रों को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास से अवगत कराया। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ देश के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम और नाटकों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सभी का दिल जीत लिया। कार्यक्रमों के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।
इसी क्रम में वीर शहीदों की स्मृति में नगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। दिवियापुर नगर पंचायत अध्यक्ष राघव मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। तिरंगा यात्रा नगर के प्रमुख बाजारों और चौराहों से होकर गेल वाटिका गेस्ट हाउस पहुंचकर संपन्न हुई।
रैली का मुख्य आकर्षण 151 मीटर लंबा तिरंगा रहा, जिसे बड़ी संख्या में युवाओं ने अपने हाथों में लेकर पूरे उत्साह के साथ यात्रा में भाग लिया। यात्रा के दौरान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
