रिपोर्ट: महेंद्र चावला | 4TV News, शाहजहांपुर
शाहजहांपुर। जनपद शाहजहांपुर के जैतीपुर थाना क्षेत्र में कांवड़ ड्यूटी के दौरान पुलिस और एक इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, जवाबी कार्रवाई में 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी चंदन के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक, घटना मरूआ झाला पुलिया के पास रविवार रात करीब 11 बजे की है। चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि इस दौरान एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। जवाबी फायरिंग में चंदन के पैर में गोली लग गई।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से .315 बोर का तमंचा, कारतूस, एक मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और 2,040 रुपये नकद बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से लखीमपुर खीरी की एक लूट की घटना से संबंधित पायल और मोबाइल भी बरामद हुआ है।
घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जैतीपुर में भर्ती कराया गया है। पुलिस फरार आरोपी शिवम की तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
