बागपत। बागपत में विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक ने आरोप लगाया है कि उसे मलेशिया में नौकरी और करीब 90 हजार रुपये मासिक वेतन का झांसा देकर करीब 5 लाख 39 हजार रुपये वसूल लिए गए।
बाद में विदेश पहुंचने पर उसे नौकरी नहीं मिली और परिस्थितियां ऐसी बनीं कि उसे थाईलैंड में जेल तक जाना पड़ा।पीड़ित रोहित के अनुसार, आरोपियों ने अलग-अलग तारीखों में उससे लाखों रुपये लिए। उसका दावा है कि पैसे देने की वीडियो रिकॉर्डिंग, विदेश यात्रा से जुड़े दस्तावेज और थाईलैंड जेल से संबंधित वीडियो उसके पास मौजूद हैं।
पीड़ित का आरोप है कि थाईलैंड पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लगभग तीन महीने तक जेल में रखा, जिसके बाद अक्टूबर 2024 में उसे भारत डिपोर्ट कर दिया गया।भारत लौटने के बाद पीड़ित ने सभी दस्तावेजों और कथित वीडियो साक्ष्यों के साथ पुलिस अधीक्षक (एसपी) बागपत से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर सक्रिय किसी बड़े ठगी नेटवर्क का मामला भी हो सकता है।
