रिपोर्ट: भीम राजावत | 4TV News, जालौन
जालौन। उरई कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खटीकान में एक युवक पर चाकू से हमले का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने पुरानी रंजिश में हमला किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता बकरीदन, पत्नी स्वर्गीय मुन्ना उर्फ बरकत अली, का आरोप है कि 16 अगस्त की शाम उनके पुत्र हसन को रास्ते में घेरकर कुछ लोगों ने चाकू से हमला किया। आरोप है कि हमले में हसन के नाक, मुंह और पीठ पर गंभीर चोटें आईं तथा वह लहूलुहान हो गया। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शिकायत के अनुसार, घटना के दौरान हसन का मोबाइल फोन भी ले लिया गया, जिसमें कथित रूप से घटना और लेन-देन से जुड़े वीडियो मौजूद थे। पीड़ित पक्ष ने यह भी आरोप लगाया है कि मंडी चौकी इंचार्ज ने मोबाइल अपने कब्जे में लेकर उसमें मौजूद वीडियो और अन्य साक्ष्य डिलीट कर दिए तथा कार्रवाई करने के बजाय समझौते का दबाव बनाया।
पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश है और आरोपी उन्हें लगातार धमका रहे हैं। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि विवाद पहले से एक युवती से जुड़े मामले को लेकर चला आ रहा था।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, कथित साक्ष्यों की जांच कराने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
