फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के अमौली कस्बे में शनिवार को मकान निर्माण को लेकर विवाद के बीच एक युवती ने सड़क पर प्रदर्शन कर जाम लगा दिया। इस दौरान सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
युवती ने आरोप लगाया कि साहब सिंह गौतम उसके मकान के निर्माण कार्य में बाधा डाल रहे हैं। उसका कहना है कि इस संबंध में उसने पहले भी उच्च अधिकारियों से शिकायत की थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
कार्रवाई की मांग को लेकर युवती जिला अधिकारी (डीएम) को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गई। इसके चलते कई घंटों तक सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही और यातायात प्रभावित हुआ।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने काफी देर तक समझाइश के बाद युवती को शांत कराया और सड़क से जाम हटवाकर यातायात को सामान्य कराया।
पुलिस के अनुसार, जिस जमीन को लेकर विवाद है, वह मामला न्यायालय में विचाराधीन है। ऐसे में आगे की कार्रवाई न्यायिक प्रक्रिया के अनुसार की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और क्षेत्र में स्थिति सामान्य है।
रिपोर्ट: रिजवान उददीन
स्थान: फतेहपुर
