कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में मानवता और साहस की मिसाल पेश करने वाली घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद से परेशान एक महिला ने पश्चिमी गंडक नहर में छलांग लगा दी, लेकिन आसपास मौजूद ग्रामीणों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से उसकी जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, घटना कप्तानगंज क्षेत्र स्थित पश्चिमी गंडक नहर की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला ने अचानक नहर में छलांग लगा दी। यह देखकर आसपास मौजूद ग्रामीण बिना देर किए नहर में उतर गए और कड़ी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना की सूचना मिलने पर महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तुरकहा ले जाया गया, जहां उसका उपचार किया गया। चिकित्सकीय देखरेख के बाद महिला की स्थिति में सुधार हुआ और पूरी तरह स्वस्थ होने पर उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि महिला अब खतरे से बाहर है। ग्रामीणों की सूझबूझ और बहादुरी की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।
यदि कोई व्यक्ति मानसिक तनाव, अवसाद या आत्महत्या जैसे विचारों से जूझ रहा हो, तो समय रहते परिवार, मित्रों या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सहायता लेना बेहद जरूरी है। समय पर मिला सहयोग किसी की जान बचा सकता है।
रिपोर्टर : सुभाष पटेल
स्थान : पश्चिमी गंडक नहर, खड्डा (कुशीनगर)
