सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के संदना थाना क्षेत्र में इलाज के दौरान एक युवती की मौत के बाद हड़कंप मच गया। घटना के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, पहला चौराहा स्थित एक मौर्य मेडिकल स्टोर पर युवती का इलाज किया जा रहा था। परिजनों का आरोप है कि इंजेक्शन लगाए जाने के तुरंत बाद युवती की तबीयत अचानक बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर उसकी मौत हो गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों का यह भी आरोप है कि घटना के बाद इलाज करने वाला डॉक्टर मौके से फरार हो गया। मृतका की पहचान बकछेरवा मजरा अलीनगर निवासी के रूप में बताई जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में मेडिकल स्टोर पर इलाज किए जाने और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मामले की गहन जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके।
फिलहाल पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने मामले का संज्ञान लिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही युवती की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा तथा उसी के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
