शाहजहांपुर। रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं के लिए रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा के बीच एक भावुक और प्रेरणादायक घटना सामने आई। बरेली से फर्रुखाबाद जा रही रोडवेज बस में एक गर्भवती महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। हालात ऐसे बने कि महिला ने चलती बस में ही एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया।
जानकारी के अनुसार, फर्रुखाबाद निवासी गोरी अपने पति अनिल और तीन बच्चों के साथ बरेली से फर्रुखाबाद जा रही थीं। वह रक्षाबंधन पर अपने भाई को राखी बांधने के लिए औरैया डिपो की रोडवेज बस से यात्रा कर रही थीं। सफर के दौरान अचानक उन्हें तेज प्रसव पीड़ा होने लगी।
महिला की स्थिति को देखते हुए बस में मौजूद अन्य महिलाओं ने बिना देर किए मदद के लिए आगे कदम बढ़ाया। सहयात्री महिलाओं की सूझबूझ और सहयोग से चलती बस में ही सुरक्षित प्रसव कराया गया और गोरी ने एक बच्ची को जन्म दिया। बच्ची के जन्म के बाद बस में खुशी का माहौल बन गया।
घटना के बाद बस को आवश्यक व्यवस्था के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मदनपुर ले जाया गया, जहां जच्चा और नवजात बच्ची को भर्ती कर उपचार दिया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद बताया कि मां और बच्ची दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।
उपचार के बाद शुक्रवार शाम महिला को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जिसके बाद वह अपने पति और नवजात बच्ची के साथ फर्रुखाबाद के लिए रवाना हो गई।
यह घटना न केवल रक्षाबंधन के दिन खुशियों का संदेश लेकर आई, बल्कि संकट की घड़ी में सहयात्री महिलाओं द्वारा दिखाई गई मानवता और सहयोग की भावना की भी मिसाल बन गई।
रिपोर्ट: महेंद्र चावला
लोकेशन: शाहजहांपुर
