Woman Allegedly Axed To Death By Husband, Accused On The Run
खरगोन में दिल दहला देने वाली वारदात, महिला की कुल्हाड़ी मारकर हत्या
खरगोन। जिले के बिस्टान थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गलतार में सोमवार देर रात एक महिला की हत्या से सनसनी फैल गई। महिला का शव घर में मिलने के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। मामले में मृतका के पति पर हत्या का आरोप लगाया गया है, जो घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान सईदी बाई के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि पति बिशन अक्सर पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होता रहता था। बताया जा रहा है कि सोमवार देर रात विवाद इतना बढ़ गया कि महिला पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया गया।
हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के बेटे ने बिस्टान थाने पहुंचकर अपने पिता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही फरार आरोपी की तलाश के लिए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घरेलू विवाद और चरित्र शंका को घटना का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
