नई दिल्ली: पूर्व भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह और सह-आरोपी विनोद तोमर को दिल्ली की अदालत से बरी किए जाने के बाद पहलवान विनेश फोगाट ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता विनेश ने कहा कि महिला पहलवान इस फैसले को उच्च अदालत में चुनौती देंगी और न्याय की लड़ाई जारी रखेंगी।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी प्रतिक्रिया साझा करते हुए विनेश फोगाट ने कहा कि इस फैसले से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। उनका आरोप है कि शुरुआत से ही पूरा सिस्टम, प्रशासन और सरकार बृजभूषण शरण सिंह को बचाने में जुटी हुई थी।
विनेश ने बताया कि महिला पहलवानों ने अपने वकीलों को जल्द से जल्द फैसले के खिलाफ अपील दायर करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से उनका हौसला नहीं टूटा है और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।
दिल्ली की अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अश्विनी पंवार ने सोमवार को बृजभूषण शरण सिंह और पूर्व WFI सहायक सचिव विनोद तोमर को बरी कर दिया। इसके बाद विनेश फोगाट के साथ-साथ बजरंग पूनिया ने भी सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की।
विनेश फोगाट ने यह भी आरोप लगाया कि मामले के दौरान कई महिला पहलवानों पर अपने आरोप वापस लेने का दबाव बनाया गया और उन्हें डराया-धमकाया गया। हालांकि, उन्होंने कहा कि कई खिलाड़ियों ने दबाव के बावजूद अदालत में अपने बयान पर कायम रहकर लड़ाई जारी रखी।
गौरतलब है कि अप्रैल-मई 2023 में विनेश फोगाट, साक्षी मलिक और बजरंग पूनिया समेत कई पहलवानों ने बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर 36 दिनों तक धरना दिया था।
वहीं, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने भी इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि एक ओर सरकार महिला सशक्तिकरण और महिला आरक्षण की बात करती है, जबकि दूसरी ओर ऐसे मामलों में अलग तस्वीर देखने को मिलती है।
