लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रही महिलाओं के लिए अच्छी खबर है। राज्य के 16 जिलों में आंगनवाड़ी कार्यकत्री (Worker) और 8 जिलों में आंगनवाड़ी सहायिका (Helper) के पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक एवं पात्र महिला अभ्यर्थी अपने जिले के अनुसार निर्धारित अंतिम तिथि तक ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं।
कौन कर सकता है आवेदन?
आंगनवाड़ी भर्ती के लिए केवल महिला उम्मीदवार ही आवेदन करने की पात्र होंगी। अभ्यर्थी उसी जिले की निवासी होनी चाहिए, जहां से वह आवेदन कर रही है। शैक्षणिक योग्यता के तहत उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना अनिवार्य है। अधिकतम शैक्षणिक योग्यता परास्नातक (पोस्टग्रेजुएट) निर्धारित की गई है।
आवेदन करने वाली महिला की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 35 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग की अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट का लाभ मिलेगा।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आसानी से ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। आवेदन प्रक्रिया के लिए इन चरणों का पालन करें—
- आधिकारिक वेबसाइट upanganwadibharti.in पर जाएं।
- New Anganwadi Recruitment Registration लिंक पर क्लिक करें।
- मांगी गई जानकारी दर्ज कर पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) पूरा करें।
- रजिस्ट्रेशन के बाद आवेदन पत्र में आवश्यक विवरण भरें।
- सभी जानकारी जांचने के बाद फॉर्म सबमिट करें।
- भविष्य के लिए आवेदन पत्र का प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।
इच्छुक अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे अपने जिले के लिए निर्धारित अंतिम तिथि से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें और आवेदन से पहले पात्रता संबंधी सभी शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें।
