Tragic Incident In Sonbhadra: Two Teenagers Swept Into Deep Waters
सोनभद्र। कोन थाना क्षेत्र के हर्रा गांव में सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया। सोन नदी में नहाने गए दो किशोर गहरे पानी में डूब गए, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। दोनों किशोर आपस में ममेरे और फुफेरे भाई बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, 14 वर्षीय पवन कुमार और 13 वर्षीय कृष्णा निषाद सोन नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान दोनों अचानक गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते नदी में समा गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन नदी की अधिक गहराई के कारण सफलता नहीं मिल सकी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, राजस्व विभाग की टीम और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। ओबरा एसडीएम समेत कई वरिष्ठ अधिकारी राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं।
दोनों किशोरों की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों को लगाया गया है। नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
इस दर्दनाक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम का माहौल है और बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे मौजूद हैं। प्रशासन का कहना है कि दोनों किशोरों की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और अभियान लगातार जारी है।
