रिपोर्ट: सतपाल सिंह मान | 4TV News, अमरोहा
अमरोहा। अमरोहा देहात थाना क्षेत्र में दुकान पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त को सुन्दरपुर निवासी रामपाल ने थाना अमरोहा देहात में तहरीर देकर बताया था कि उनकी दुकान पर दो पक्षों के बीच फायरिंग हुई। उस समय दुकान पर काम कर रहे मयंक और पुनीत भी निशाने पर थे, लेकिन उन्होंने छिपकर अपनी जान बचाई।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी दीपांशु देओल और विकास को गिरफ्तार किया। तलाशी में दोनों के पास से .315 बोर के दो तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी गई हैं।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी विकास के खिलाफ हत्या, पॉक्सो एक्ट, चोरी और आर्म्स एक्ट सहित छह आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वहीं, दीपांशु के खिलाफ भी मारपीट का मामला दर्ज है।
एसपी के निर्देश पर अमरोहा देहात पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
