उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद के वृंदावन में निर्माणाधीन ओमेक्स कोर्टयार्ड मॉल में शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। चौथी मंजिल पर लेंटर डालने के दौरान अचानक शटरिंग (सेंटरिंग) ढह गई, जिससे कई मजदूर मलबे में दब गए। हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में नेपाल निवासी 42 वर्षीय शिवराम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अस्पताल ले जाए गए दो अन्य मजदूरों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतकों में दो मजदूर पश्चिम बंगाल के निवासी बताए गए हैं। एक अन्य घायल मजदूर, जो पश्चिम बंगाल का रहने वाला है, उसे बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर सर्विस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया। रेस्क्यू अभियान चलाकर मलबे में फंसे सभी मजदूरों को बाहर निकाला गया। अधिकारियों के अनुसार, अब मलबे में कोई व्यक्ति फंसा नहीं है।
स्थानीय स्तर पर यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन नहीं किया जा रहा था और मजदूरों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। हालांकि इन आरोपों की जांच की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि वृंदावन के रुक्मिणी विहार क्षेत्र स्थित निर्माणाधीन मॉल में चौथी मंजिल पर लेंटर डालते समय शटरिंग ढह गई। हादसे में तीन मजदूरों की मौत हुई है और एक घायल का इलाज चल रहा है। मृतकों के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। पुलिस ने कहा कि परिजनों से तहरीर मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
