शिवपुरी। शिवपुरी जिले के पोहरी में पार्षद नीतू शर्मा के घर हुई करीब 25 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में ₹50 हजार का इनामी अंतर्राज्यीय बदमाश भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार, इस चोरी की साजिश पार्षद के घर आने-जाने वाले रामेश्वर गोस्वामी ने रची थी। उसकी रेकी के आधार पर अंतर्राज्यीय पारदी और मोगिया गैंग के शातिर चोरों ने 24 जून की रात सूने मकान का ताला तोड़कर करीब 300 किलो वजनी तिजोरी, जेवरात और एक पल्सर मोटरसाइकिल चोरी कर ली थी।
शिवपुरी पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आईटीआई कॉलेज के पीछे नाले के पास घेराबंदी की। वहां चोरी के माल का बंटवारा कर रहे तीन आरोपियों—रामनिवास मोगिया, रामेश्वर गोस्वामी और ₹50 हजार के इनामी अंतर्राज्यीय बदमाश श्रीवल्लभ पारदी को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की तिजोरी, पल्सर मोटरसाइकिल तथा मिट्टी में छिपाकर रखे गए लगभग 23 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और ₹85 हजार नकद बरामद किए हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले में शत-प्रतिशत चोरी का माल बरामद कर लिया गया है तथा आरोपियों से पूछताछ जारी है।
