सीतापुर। लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के मरसंडा गांव में अज्ञात चोरों ने एक घर में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम मरसंडा निवासी सुनील कुमार चौधरी के परिवार के लोग देर रात घर की छत पर सो रहे थे। इसी दौरान चोर घर में घुस गए और दो कमरों के ताले तोड़ दिए। इसके बाद लोहे की सेफ, तीन बक्सों और अलमारी के लॉक तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात और करीब 3 लाख रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गए।
पीड़ित के अनुसार, चोरी हुए सामान में सोने का हार, चार कंगन, दो चेन, दो जोड़ी झाले, दो जोड़ी कान के कुंडल, मंगलसूत्र, पांच सोने की मोहर, छह जोड़ी चांदी की पायल समेत अन्य कीमती आभूषण शामिल हैं। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 42 लाख रुपये बताई गई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पीड़ित की तहरीर पर लहरपुर कोतवाली में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
फिलहाल पुलिस चोरों की तलाश और चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास में जुटी हुई है। वहीं, इस बड़ी चोरी की घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं।
