बड़वानी। शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बड़वानी के विद्यार्थियों ने अपने प्रिय शिक्षक एवं असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रणजीतसिंह मेवाड़े के स्थानांतरण को निरस्त करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम कलेक्टर कार्यालय में ज्ञापन सौंपा।
विद्यार्थियों ने बताया कि डॉ. रणजीतसिंह मेवाड़े का प्रशासनिक आधार पर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बड़वानी से नीमच जिले में स्थानांतरण कर दिया गया है। उनके तबादले की जानकारी मिलने के बाद छात्र-छात्राओं में निराशा और असंतोष का माहौल है।
ज्ञापन में विद्यार्थियों ने उल्लेख किया कि डॉ. मेवाड़े एक कर्तव्यनिष्ठ, ईमानदार और विद्यार्थियों के हितों के प्रति समर्पित प्राध्यापक हैं। वे नियमित रूप से समय पर महाविद्यालय पहुंचकर शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के माध्यम से विभिन्न सामाजिक एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों का संचालन करते हैं।
विद्यार्थियों के अनुसार, उनके मार्गदर्शन में रक्तदान शिविर, पौधारोपण अभियान, स्वच्छता अभियान तथा डेंगू, मलेरिया और सिकल सेल एनीमिया जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूकता कार्यक्रम सफलतापूर्वक संचालित किए गए हैं। इसके अलावा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों तक पहुंचाई जाती रही है।
छात्रों ने बताया कि डॉ. मेवाड़े के कुशल मार्गदर्शन में महाविद्यालय के लगभग 15 विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर संस्थान और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि डॉ. रणजीतसिंह मेवाड़े के स्थानांतरण आदेश पर पुनर्विचार करते हुए उसे निरस्त किया जाए, ताकि महाविद्यालय के विद्यार्थियों को उनके अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ मिलता रहे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे और उन्होंने अपने शिक्षक के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके तबादले को रोकने की मांग दोहराई।
