Son Beats Father To Death After Dispute In Hamirpur
हमीरपुर। जिले के राठ कोतवाली क्षेत्र के अतरौलिया मोहल्ले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक कलयुगी बेटे ने आपसी विवाद के चलते अपने ही पिता पर डंडे से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता की इलाज के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, किसी बात को लेकर पिता और बेटे के बीच विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि बेटे ने गुस्से में आकर अपने पिता के सिर पर डंडे से वार कर दिया। हमले में पिता गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गए।
घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उरई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
उरई मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान घायल पिता ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और मोहल्ले में शोक का माहौल फैल गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोग रिश्तों में बढ़ती कड़वाहट और हिंसक घटनाओं को लेकर चिंता जता रहे हैं।
