Snatching Turns Fatal: Woman Killed as Bike-Borne Robbers Target Silver Waist Chain in Khaniyadhana
खनियाधाना थाना अंतर्गत ग्राम अछरौनी मार्ग पर शुक्रवार रात करीब 9 बजे अज्ञात तीन बदमाशों ने चलती बाइक पर बैठी महिला की कमर चांदी की करधौनी लूटी तो आधी करधौनी बदमाशों के हाथों में आ गई और आधी महिला की कमर में रह गई।
इस घटनाक्रम में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और महिला नीचे जा गिरी। घटना में गंभीर घायल हुई महिला को परिजन इलाज के लिए झांसी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना को लेकर परिजन व आसपास ग्रामीणों में आक्रोश है। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात बदमाशों पर लूट व हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक खनियाधाना के राजपुर निवासी मीना लोधी उम्र 42 साल शुक्रवार की रात करीब 9 बजे अपने एक रिश्तेदार के साथ बाइक पर सवार होकर बामौरकलां में आयोजित शादी समारोह से घर लौट रही थी। जैसे ही उनकी बाइक अछरौनी के पास नहर के समीप पहुँची तो पीछे से आई एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने चलती बाइक पर महिला की कमर में बंधी चांदी की करधोनी पर झपट्टा मार दिया।
बदमाशों के अचानक हमले व करधनी खींचने के कारण महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर गई। इस बीच बदमाश आधी करधौनी ले गाए, जबकि आधी महिला की कमर में रह गई। हादसे में महिला मीना गंभीर घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए रात को ही परिजन झांसी अस्पताल ले गए। जहां देर रात इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।
शनिवार को पीएम कराकर परिजन खनियाधाना थाना पहुंचे और मामले में कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों पर लुट व हत्या का केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। बताया जाता है कि इसी तरह की घटना अमोला घाटी के पास दो दिन पूर्व भी हुई थी, बदमाश चलती बाइक पर एक महिला की करधौनी लूट कर ले गए थे। उसमें भी बदमाश आधी करधौनी ले गए और आधी महिला के पास रह गई। पुलिस कार्रवाई में जुटी है।
