सीतापुर (उत्तर प्रदेश): सीतापुर में जच्चा-बच्चा की मौत के मामले के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित अवैध क्लीनिक का खुलासा किया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने महमूदाबाद तहसील के ग्राम बसानपुर स्थित विद्या मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की, जहां बिना वैध लाइसेंस और पंजीकरण के क्लीनिक संचालित किए जाने के आरोप सामने आए हैं।
जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि मेडिकल स्टोर के अलावा उसी भवन के एक अलग कमरे का इस्तेमाल कथित रूप से मरीजों के इलाज और विशेष रूप से जच्चा-बच्चा के उपचार के लिए किया जा रहा था। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मौके पर उपचार से संबंधित कई उपकरण और चिकित्सीय सामग्री भी बरामद हुई।
स्वास्थ्य विभाग की टीम के पहुंचने की सूचना मिलते ही क्लीनिक संचालक अजय सिंह मौके से फरार हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल और ग्रामीणों की मौजूदगी में स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित कमरे को सील कर दिया।
प्रशासन के अनुसार, रामपुर मथुरा थाने में अजय सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 तथा नेशनल मेडिकल कमीशन एक्ट, 2019 की धारा 34(2) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि वह बिना वैध चिकित्सीय योग्यता और पंजीकरण के चिकित्सा कार्य कर रहा था।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच जारी है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध चिकित्सा प्रैक्टिस के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर: नन्द किशोर नाग
स्थान: सीतापुर, उत्तर प्रदेश
