सीतापुर के सदरपुर थाना क्षेत्र में चोरों ने एक मकान में सेंध लगाकर करीब पांच लाख रुपये के जेवरात, नकदी और मेंथा ऑयल पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के दौरान परिवार के लोग घर के अंदर सोते रहे। चोरी की पूरी घटना के बाद CCTV में चार संदिग्ध कैद हुए हैं।
मामला सदरपुर थाना क्षेत्र के पड़रिया मजरा मैनिकापुर गांव का है।
बताया जा रहा है कि 21/22 अगस्त की रात करीब दो बजे चोर मकान के पीछे से सेंध लगाकर अंदर दाखिल हुए और बंद कमरों में रखे बक्सों व गोदरेज अलमारी के लॉकर तोड़ दिए।
पीड़ित सुबोध वर्मा के मुताबिक चोर करीब दो हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात और करीब 30 किलो मेंथा ऑयल चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है।
घटना के बाद मकान के पीछे लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें चार संदिग्ध नजर आ रहे हैं। पीड़ित ने सदरपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान शुरू कर दी है।
वहीं ग्रामीणों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पहले रात के समय पहरा दिया जाता था, लेकिन अब यह व्यवस्था बंद हो चुकी है। चोरी की घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
