गोरखपुर: में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जमीनी विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। ट्रैक्टर खड़ा करने को लेकर हुई बहस के बीच एक किराना दुकानदार की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। उसने ताबड़तोड़ 10 बार चाकू से वार किया। वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।
उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद एसपी सिटी निमिष पाटील और सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर दुकानदार के बेटे से जानकारी ली। घटना के कुछ ही देर में पुलिस ने चाकू मारने के आरोपी गब्बर चौहान को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामला गुलरिहा थाना क्षेत्र के टिकरिया गांव का है
गिरमिट चौराहा निवासी अमरनाथ गुप्ता (56) किराना दुकानदार थे। परिवार में माता-पिता के अलावा पत्नी और एक बेटा ऋषिकेश है। बेटा भी उनके काम में हाथ बंटाता है। उनके घर से सटे ही आरोपी अवधेश चौहान उर्फ गब्बर की जमीन थी। इस जमीन पर दोनों पक्ष दावा कर रहा था।
इस जमीन को लेकर पिछले 5 साल से विवाद था। कोर्ट में मुकदमा भी चल रहा है। बुधवार शाम करीब 6 बजे अमरनाथ ने उसी जमीन के सामने ट्रैक्टर खड़ा किया था। इसी बात को लेकर गब्बर से कहासुनी शुरू हो गई। गब्बर ने जमीन को अपना बताकर ट्रैक्टर खड़ा करने से मना किया।
विवाद बढ़ने पर अवधेश चौहान उर्फ गब्बर चौहान ने चाकू से अमरनाथ पर हमला कर दिया। गब्बर ने अमरनाथ के सीने और पेट में चाकू से करीब 10 वार कर दिए। अमरनाथ लहूलुहान होकर गिर गया। परिजन बीआरडी मेडिकल पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की जानकारी से परिवार में मातम पसर गया। माता-पिता और पत्नी और बच्चे रो पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी निमिष पाटिल और सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। घटना के बाद गांव में तनाव बना हुआ है, सुरक्षा के लिहाज से पुलिस फोर्स भी तैनात की गई है। मुख्य आरोपी के साथ ही चार और लोगों को हिरासत में लिया है।
अमरनाथ गुप्ता के बेटे ऋषिकेश गुप्ता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी गब्बर चौहान सहित 10 नामजद और 6-7 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआई की है।
