उत्तर प्रदेश के एटा जिले में रिश्वतखोरी के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलीगंज तहसील में तैनात एसडीएम के पेशकार को 30 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, पेशकार अनूप सिंह पर एक आदेश कराने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायत मिलने के बाद अलीगढ़ एंटी करप्शन टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई।
टीम ने शिकायतकर्ता ज्ञान सिंह को तय रकम देकर पेशकार के पास भेजा। आरोप है कि जैसे ही पेशकार ने 30 हजार रुपये लिए, पहले से मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान कथित रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली गई।
यह कार्रवाई इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार और अनिल कुमार के नेतृत्व में अलीगढ़ एंटी करप्शन टीम ने अलीगंज तहसील परिसर में की। घटना के बाद तहसील परिसर में हड़कंप मच गया।
फिलहाल एंटी करप्शन टीम आरोपी को अपने साथ ले गई है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट: कुनाल सिंह सोलंकी
स्थान: एटा
